प्रमंडलीय आयुक्त तिरहुत प्रमंडल पंकज कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रमंडल के जिला समाहर्ता-सह-जिलाधिकारी के साथ राजस्व एवं आंतरिक संसाधन सम्बंधित समीक्षा बैठक की।


 
मौर्य समाचार, समीक्षा के क्रम में उन्होंने  प्रमंडल के सभी जिलों के जिला समाहर्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्व वसूली के कार्य को गति देते हुए निर्धारित अवधि के अंदर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी समाहर्ता  अभियान चलाकर  निर्धारित लक्ष्य  की प्राप्ति करें।उन्होंने सभी सनाहर्ता को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व वसूली में कोताही किसी भी सूरत में  बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व वसूली से संबंधित मुख्य विभागों की साप्ताहिक समीक्षा कर कार्य को गति दें। साथ ही  राजस्व वसूली के क्रम में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर जिम्मेदारी भी तय करें।
 प्रमंडलीय आयुक्त ने ऑनलाइन दाखिल खारिज , भू-लगान वसूली, अभियान बसेरा, ऑपरेशन भूमि दखल देहानी, भूअर्जन,भूमि विवाद,नीलाम पत्र वाद की स्थिति,अतिक्रमण, सैरात की बंदोबस्ती वसूली आदि की समीक्षा की।
समीक्षा के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि भू लगान की वसूली लक्ष्य के अनुरूप करें। इसे लेकर कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी बल्कि जिला समाहर्ता इसका सतत अनुश्रवण करते हुए लगान वसूली के कार्य को गति दे। वैसे राजस्व कर्मचारी को चिन्हित कर करवाई करना सुनिश्चित करें जिनके द्वारा लापरवाही/ कोताही बरती जा रही है।
 जल निकायों एवं सड़कों के अतिक्रमण को सख्ती से  हटाना सुनिश्चित किया जाए। बेदखल परिवारों को दखल दिहानी के तहत दखल दिलाया जाए।वास विहीन को वास की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। दाखिल खारिज के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं।
दाखिल खारिज के मामलों की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि मुजफ्फरपुर की उपलब्धि 73.47 ,सीतामढ़ी 74.64, बेतिया 73.19 ,मोतिहारी 75.22 ,वैशाली 70.97, शिवहर 73.26 है।
आयुक्त महोदय ने सख्त निर्देश दिया कि दाखिल खारिज के लंबित मामलों का निष्पादन त्वरित गति से करना सुनिश्चित की जाए। दाखिल खारिज को लेकर मुजफ्फरपुर डीएम द्वारा बताया गया कि कुल 185705 आवेदनों में 95455का निष्पादन किया गया है।जनवरी माह के प्रथम सप्ताह तक 80% से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित कर लिया जाएगा।
 जिलाधिकारी द्वारा बारी-बारी से ऑपरेशन भूमि दखल दिहानी, सैरातो की बन्दोबस्ती, लोक भूमि अतिक्रमण, ऑनलाइन दाखिल खारिज एवं अभियान बसेरा से संबंधित उपलब्धियों से अवगत कराया। 
सैरात बंदोबस्ती को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त पंकज कुमार ने सख्त निर्देश दिया है।उन्होंने निर्देश दिया कि हस्तांतरित सैरातो के बंदोबस्ती पर विशेष ध्यान दिया जाए।कहा कि बंदोबस्ती के समय ध्यान देने की आवश्यकता है एवं सैरातो के बंदोबस्ती की सतत अनुश्रवण करने की जरूरत है। है।
 विभिन्न जिलों में अतिक्रमण के मामले के विरुद्ध की गई कार्रवाई संतोषजनक नहीं थी जिसे लेकर आयुक्त महोदय ने सभी जिला पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि अभियान चलाकर जल निकायों ,सड़कों/ चौक -चौराहों को अतिक्रमण से मुक्त करना सुनिश्चित किया जाए । मुजफ्फरपुर जिले में अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे  अभियान को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने तारीफ भी की।
आंतरिक संसाधन के समीक्षा के क्रम में परिवहन विभाग, सहकारिता, राष्ट्रीय बचत, खनन,वाणिज्य कर, निबंधन माप -तोल ,विद्युत इत्यादि विभागों की समीक्षा की गई। 
सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध राजस्व वसूली का सख्त निर्देश दिया गया। वैशाली जिला में परिवहन विभाग द्वारा राजस्व वसूली मात्र 10% होने के कारण आयुक्त महोदय ने नाराजगी प्रकट की एवं निर्देश दिया कि अगली बैठक तक वसूली के मामले में तेजी लाया जाए। यदि इस में लापरवाही परिलक्षित होती है तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करें। उन्होंने सभी समाहर्ता को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में वसूली कम हुई है इसके लिए अभियान चलाने की जरूरत है।
उपनिदेशक माप -तोल  को निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि माप- तोल उपकरण एवं बाट- बट खरे को दोषपूर्ण होने की शिकायत मिलती रहती है। टीम बनाकर इस की सघन जांच कराए ताकि उपभोक्ता को सही माप -तोल से सामान मिल सके। टीम बनाकर सत्यापन कराना सुनिश्चित करें।

 परिवहन विभाग की समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने निर्देश दिया कि बगैर परमिट, निबंधन ओवरलोड एवं यात्री सुविधा को लेकर सघन अभियान चलाई जाए। सड़क सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने कहा कि सभी परिवहन पदाधिकारी एवं खनन विभाग के पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। 

नीलाम पत्र वाद की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित वादों के निष्पादन करते हुए राशि की वसूली करने का निर्देश दिया गया।
 इस दौरान उन्होंने सभी विभाग के पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण का लक्ष्य हर हाल में प्राप्त करने के लिए कार्य करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कहा कि इसके लिए मार्च तक इंतजार नहीं करें।
साथ ही प्रमंडलीय आयुक्त पंकज कुमार ने प्रमंडल स्तरीय सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे  जिलों में जाएं और किए जा रहे कार्यों का समीक्षा करें। 

बैठक में उप निदेशक जनसंपर्क कमल सिंह के साथ प्रमंडल स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
                       संवाददाता, प्रेमशंकर

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें