बेनीबाद चौक पर शराब धंधेबाजों ने मद्य निषेध विभाग के ड्राइवर को पीटा, ज़ख्मी l

बेनीबाद चौक पर शराब धंधेबाजों ने मद्य निषेध विभाग के ड्राइवर को पीटा, ज़ख्मी l
दीपक कुमार। गायघाट 
बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा चौक के पास शराब धंधेबाजों द्वारा मद्य निषेध व उत्पाद विभाग के एक चालक की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। घायल चालक को इलाज के लिए गायघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

मामले को लेकर मोतीपुर थाना क्षेत्र निवासी चालक संजय कुमार ने बेनीबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह मद्य निषेध व उत्पाद विभाग में तैनात एक सब इंस्पेक्टर के सरकारी वाहन का चालक है।

बताया गया कि सोमवार को वह केवटसा चौक स्थित एक सैलून में दाढ़ी बनवाने के लिए बैठा था। इसी दौरान भटगामा गांव के पप्पू कुमार, मनोज पंडित समेत करीब आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और उसे घेरकर मारपीट करने लगे।

पीड़ित के अनुसार जब उसने मारपीट का कारण पूछा तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह शराब कारोबारियों की खुफिया जानकारी पुलिस को देता है। इसके बाद सभी ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपित मौके से फरार हो गए।

बताया जाता है कि मद्य निषेध व उत्पाद विभाग का एनएच-27 पर रमौली में चेक पोस्ट है और चालक संजय कुमार उसी टीम के वाहन को चलाते हैं। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें