मुजफ्फरपुर, डीएम ने जिला परिवहन कार्यालय एवं अभिलेखागार का किया निरीक्षण, राजस्व वसूली और सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर दिया जोर l

मुजफ्फरपुर, डीएम ने जिला परिवहन कार्यालय एवं अभिलेखागार का किया निरीक्षण, राजस्व वसूली और सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर दिया जोर l
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने मंगलवार को जिला परिवहन कार्यालय एवं अभिलेखागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, राजस्व वसूली, लंबित आवेदनों और आम लोगों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए, ताकि सेवाओं को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने कार्यालय के विभिन्न काउंटरों पर जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया या और वहां उपस्थित कर्मियों से कार्य निष्पादन की जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी कर्मी अपने-अपने काउंटर पर निर्धारित समय तक उपस्थित रहकर कार्य करें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही कार्यालय में साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि जिला परिवहन कार्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य 29060 लाख रुपये के विरुद्ध 29647.71 लाख रुपये की वसूली की गई है, जो कुल लक्ष्य का 102 प्रतिशत है। इस उपलब्धि पर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन आगे भी इसी गति से कार्य जारी रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी/डीएल स्मार्ट कार्ड, परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 3597 ड्राइविंग टेस्ट लिए गए तथा 1410 फिटनेस प्रमाणपत्र निर्गत किए गए हैं। उन्होंने इन सेवाओं को और तेज एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन 15 दिनों के अंदर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने को कहा गया।
डीएम ने पत्र, संचिका एवं अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों के साथ शिष्ट व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री कुमार सत्येंद्र समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें