दरभंगा, लूट और आपराधिक वारदात की साजिश रचने की मिली थी सूचना, देसी कट्टा, पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो बाइक बरामद ll

दरभंगा, सिंहवाड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ पांच गिरफ्तार, दो फरार ll
लूट और आपराधिक वारदात की साजिश रचने की मिली थी सूचना, देसी कट्टा, पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो बाइक बरामद ll
दीपक कुमार/ क्राइम रिपोर्टर 
सिंहवाड़ा। थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएसपी एसके सुमन ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने पांच आरोपियों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, मौके से दो आरोपी फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, मैगजीन सहित एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल और दो मोटरसाइकिल बरामद की है l
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थानाध्यक्ष बसंत कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कटका से लखवारा जाने वाले रास्ते में एक झोपड़ी के समीप कुछ युवक हथियार के साथ जुटे हैं और लूटपाट समेत अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच युवकों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटका गांव निवासी राजाराम यादव के पुत्र अमित कुमार (18), पकड़ीहार निवासी ललित यादव के पुत्र प्रशांत कुमार (20), कटका निवासी अब्दुल रहीम के पुत्र मो. जुबैर (23), पकड़ीहार निवासी रमेश यादव के पुत्र संजीत कुमार यादव (20) तथा स्व. लक्ष्मी यादव के पुत्र संजन कुमार (18) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, मैगजीन सहित एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस और दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है।
वहीं, फरार आरोपियों की पहचान कटका निवासी सुनील ठाकुर के पुत्र सानू कुमार तथा कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर निवासी नागमणि के पुत्र सुधाकर महराज के रूप में हुई है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष बसंत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, कमलेश कुमार मिश्रा सहित रिजर्व बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो. जुबैर का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सिंहवाड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत पूर्व में मामला दर्ज है।
पुलिस फरार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कर रही है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।

NH -27 गायघाट #NHAI की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे राहगीर, ट्रक मालिक और चालक..

NH -27 गायघाट #NHAI की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे राहगीर, ट्रक मालिक और चालक
गायघाट में NH -27 पर गड्ढा बचाने के क्रम में अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिरा कंटेनर, चालक गंभीर रूप से घायल ll
दीपक कुमार/ गायघाट 
गायघाट (मुजफ्फरपुर)। गायघाट थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा। हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को कंटेनर से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की स्थिति का जायजा लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया के नीचे पलट गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सरमस्तपुर में किसानों को एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण, मिलेगा क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा।

प्रशिक्षण: एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन से बढ़ेगी किसानों की आय l
सरमस्तपुर में किसानों को एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण, मिलेगा क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा।
सकरा। केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, पटना की ओर से सरमस्तपुर पंचायत सरकार भवन में ईएजीइनोवेशन एफपीसी के किसानों को प्राकृतिक खेती, पर्यावरण अनुकूल कृषि और एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन की तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मित्र कीटों की पहचान, वानस्पतिक कीटनाशकों के महत्व एवं उपयोग, रासायनिक कीटनाशकों के सुरक्षित और संतुलित प्रयोग तथा फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं रोगों के प्रबंधन के बारे में बताया गया। विशेषज्ञों ने कीटनाशकों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए खेती की लागत कम करने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन वनस्पति संरक्षण अधिकारी विवेक कांत गुप्ता और सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी साक्षी ने संयुक्त रूप से किसानों को प्रशिक्षण दिया। इसके बाद सरमस्तपुर में एफपीसी के क्लस्टर आधारित सब्जी उत्पादन क्षेत्र का फील्ड विजिट कराया गया। इस दौरान पत्तागोभी, बैंगन और गेंदा फूल की खेती का निरीक्षण कर खेतों में मौजूद मित्र एवं शत्रु कीटों की पहचान और उनके प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
क्लस्टर आधारित खेती से किसानों को होगा फायदा
विशेषज्ञों ने बताया कि क्लस्टर आधारित खेती से किसान समूह में एक ही क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से फसलों का उत्पादन कर सकते हैं। इससे कृषि सामग्री की सामूहिक खरीद, तकनीकी सलाह, कीट-रोगों की निगरानी और उपज के विपणन में सहूलियत मिल सकती है। गेंदा फूल जैसी सहायक फसलों को सब्जियों के साथ लगाने से मित्र कीटों को आकर्षित करने और जैविक कीट नियंत्रण को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है। एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन अपनाने से अनावश्यक कीटनाशक छिड़काव में कमी, उत्पादन लागत में बचत और सुरक्षित कृषि उत्पाद प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ती हैं।
मौके पर राजेश कुमार, पर्यवेक्षक, सकरा; रौशन कुमार, अध्यक्ष, ईएजीइनोवेशन एफपीसी तथा कृष्ण प्रकाश गुप्ता, किसान सलाहकार सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

बिहार उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ (BSSTA), मुजफ्फरपुर जिला इकाई की प्रथम बैठक सिटी पार्क मुजफ्फरपुर में संपन्न ll

बिहार उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ (BSSTA), मुजफ्फरपुर जिला इकाई की प्रथम बैठक सिटी पार्क मुजफ्फरपुर में संपन्न ll
शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, सातवें वेतनमान एवं संगठन की मजबूती पर हुई विस्तृत चर्चा
मुजफ्फरपुर, 25 अक्टूबर 2026
बिहार उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ (BSSTA) की मुजफ्फरपुर जिला इकाई की प्रथम बैठक आज जिले में कार्यरत उच्च माध्यमिक विद्यालयों (9-12) के शिक्षकों की समस्याओं, उनके समाधान की रणनीति तथा संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से आयोजित की गई। 

बैठक कि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री हिमांशु राज एवं  संचालन जिला सचिव श्री किसलय पाठक की सक्रिय भूमिका और श्री अंशुमान अभिमन्यु और sumant तिवारी प्रदेश सचिव की मार्गदर्शन में  बैठक का संचालन एवं आयोजन किया गया। बैठक में जिले के लगभग 12 प्रखंडों से आए शिक्षक साथियों ने सहभागिता की और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।

शिक्षकों की समस्याओं के समाधान पर बनी रणनीति

बैठक में उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से निम्नलिखित विषय प्रमुख रहे—

- बकाया वेतन एवं अन्य देय राशि का भुगतान: लंबित भुगतानों से जुड़ी समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय स्तर पर पहल करने पर चर्चा हुई।
- ई-शिक्षाकोष पोर्टल की विसंगतियाँ: पोर्टल पर शिक्षकों के विवरण के अद्यतन एवं अन्य तकनीकी त्रुटियों के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया।
- सातवें वेतनमान की माँग: उच्च माध्यमिक शिक्षकों को उचित वेतनमान एवं समुचित सेवा लाभ दिलाने के लिए संघ की ओर से संगठित प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
- शिक्षकों के अधिकार एवं सम्मान: कार्यस्थल पर शिक्षकों को होने वाली समस्याओं, विभागीय प्रक्रियाओं में आने वाली कठिनाइयों तथा उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघ की प्रभावी भूमिका पर चर्चा की गई।
- संगठन का विस्तार एवं मजबूती: जिले के सभी प्रखंडों में संगठन को सक्रिय बनाने, अधिकाधिक उच्च माध्यमिक शिक्षकों को संघ से जोड़ने तथा प्रखंड स्तर पर मजबूत इकाइयों के गठन पर सहमति बनी।

समस्याओं के निष्पादन के लिए संघ अपनाएगा संगठित पहल

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संघ केवल समस्याओं पर चर्चा करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षकों की वास्तविक समस्याओं को संकलित कर उनके समाधान के लिए एक व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करेगा। समस्याओं की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष ज्ञापन, संवाद एवं अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों से समाधान की पहल की जाएगी।

बैठक में उपस्थित शिक्षक साथियों ने एकजुट होकर कार्य करने तथा व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ सामूहिक हितों से जुड़े मुद्दों को भी संगठन के माध्यम से उठाने पर सहमति व्यक्त की। यह भी तय किया गया कि जिला इकाई को प्रखंड स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाकर शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा।

संगठन की मजबूती ही शिक्षकों की सामूहिक शक्ति

संघ का मानना है कि उच्च माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं का स्थायी समाधान उनकी एकजुटता, सक्रिय सहभागिता और संगठित प्रयासों से ही संभव है। मुजफ्फरपुर जिला इकाई की यह प्रथम बैठक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। संघ आने वाले दिनों में जिले के प्रत्येक प्रखंड के शिक्षकों को संगठन से जोड़कर उनकी आवाज को एक सशक्त मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक का मूल संदेश स्पष्ट रहा—शिक्षकों की समस्या, संघ की जिम्मेदारी; शिक्षक एकता, संगठन की शक्ति।
श्री हिमांशु राज
जिला अध्यक्ष, मुजफ्फरपुर

श्री किसलय पाठक
जिला सचिव, मुजफ्फरपुर

बिहार उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ (BSSTA)
शिक्षक एकता – हमारा बल | शैक्षणिक गरिमा – हमारा संकल्प

सिमरी पुलिस का शानदार कारनामा, महज 30 मिनट में गुमशुदा बच्चे को खोज परिजनों को सौंपा ll

सिमरी पुलिस का शानदार कारनामा, महज 30 मिनट में गुमशुदा बच्चे को खोज परिजनों को सौंपा ll
दरभंगा। सिमरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक गुमशुदा बच्चे को महज 30 मिनट के भीतर खोज निकाला और सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बेहतर पुलिसिंग की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बरामद बच्चे की पहचान रोहन कुमार, पिता पंकज ठाकुर, निवासी अथरी, थाना रुन्नीसैदपुर, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है। बच्चे के गुम होने की सूचना मिलने के बाद सिमरी थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आधे घंटे में बच्चे का पता लगा लिया।
इसके बाद पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बच्चे के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस तत्परता से एक बार फिर साबित हुआ कि समय पर कार्रवाई और सक्रियता से गुमशुदगी के मामलों में महत्वपूर्ण सफलता मिल सकती है।
सिमरी थाना पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।