तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के प्रस्ताव पर सर्वदलीय सहमति ll

तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के प्रस्ताव पर सर्वदलीय सहमति ll
मतदान केंद्रों के निर्धारण को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक सम्पन्न ll
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रस्तावित मतदान केंद्रों पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने की। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन के पश्चात निर्वाचन आयोग द्वारा प्रति मतदान केंद्र अधिकतम 1400 मतदाताओं की सीमा निर्धारित की गई है। इसी के आलोक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा नये मतदान केंद्रों के गठन संबंधी प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इन प्रस्तावों पर राजनीतिक दलों की सहमति सुनिश्चित करने तथा पारदर्शी एवं सुचारू निर्वाचन प्रक्रिया के उद्देश्य से यह बैठक आहूत की गई।

बैठक में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 19 मतदान केंद्रों तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 41 मुख्य बूथ एवं 27 सहायक बूथों के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदान केंद्रों के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से सहमति प्रदान की।
 अब इस प्रस्ताव को प्रमंडलीय आयुक्त -सह- निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा। प्रमंडलीय स्तर से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया जाएगा।
जिला प्रशासन, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सत्यप्रिय कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें