युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माई भारत / मेरा युवा भारत द्वारा अंतरराज्यीय युवा विनिमय कार्यक्रम का आयोजन 03 फरवरी 2026 से 07 फरवरी 2026 तक तेलंगाना राज्य में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सहकारी प्रशिक्षण संस्थान (सीटीआई), राजेंद्र नगर, हैदराबाद में आयोजित होगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में बिहार के बक्सर जिले से युवा समाजसेवी सुन्दरम कुमार का चयन किया गया है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम के दौरान सुन्दरम कुमार तेलंगाना में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। सुन्दरम कुमार लंबे समय से माई भारत से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और जिले में युवाओं को जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवा सहभागिता, सामाजिक जागरूकता, शिक्षा प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान जागरूकता, राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन, तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुँचाने जैसे कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में युवा सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ रहे हैं।अंतरराज्यीय युवा विनिमय कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा, सामाजिक संरचना, विकास योजनाओं और नवाचारों से परिचित कराना है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक समरसता, टीम भावना और राष्ट्रीय एकता को सशक्त करने पर विशेष बल दिया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए चयनित युवा प्रतिभागी शैक्षणिक सत्र, समूह चर्चा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षेत्रीय भ्रमण एवं अनुभव साझा करेंगे, जिससे एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूती मिलेगी।अपने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सुन्दरम कुमार ने कहा,“यह अवसर मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। मैं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा माई भारत का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। इस कार्यक्रम के माध्यम से मैं बक्सर जिले और बिहार की संस्कृति, परंपराओं एवं युवाओं की सकारात्मक सोच को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास करूंगा।”सुन्दरम कुमार के चयन से बक्सर जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों और माई भारत से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें