बोचहाँ, श्री अर्जुन बाबू मेला का भव्य शुभारंभ, 2000 कुमारी कन्याओं के साथ निकाली गई विशाल कलश यात्रा l

श्री अर्जुन बाबू मेला का भव्य शुभारंभ, 2000 कुमारी कन्याओं के साथ निकाली गई विशाल कलश यात्रा l
मुजफ्फरपुर/बोचहां प्रखंड अंतर्गत गरहां स्थित श्री अर्जुन बाबू मेला का आज भव्य शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक धूमधाम के साथ हुआ। इस अवसर पर लगभग 2000 कुमारी कन्याओं की सहभागिता से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
कलश यात्रा मेला परिसर से प्रारंभ होकर हेमंतपुर घाट तक गई, जहां विधि-विधान के साथ कलश पूजन एवं जल भराई की गई। इसके बाद श्रद्धालु कन्याओं द्वारा कलश को पुनः मेला स्थल तक लाया गया। इस भव्य शोभायात्रा में हाथी, दर्जनों घोड़े, सजी-धजी गाड़ियां तथा बैंड-बाजे के साथ आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं।
मेला आयोजन समिति के अनुसार, इस बार मेले की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। आज शाम में भव्य जागरण एवं झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही सती मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जो इस मेले का प्रमुख धार्मिक आकर्षण है।
आयोजकों ने बताया कि श्री अर्जुन बाबू मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज के हित और सांस्कृतिक संरक्षण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। “लोकल फॉर लोकल” के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और ग्रामीण कला-संस्कृति को बढ़ावा दिया जाता है। साथ ही, उन परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जाता है, जो समय के साथ विलुप्त होती जा रही हैं।
मेला का विधिवत शुभारंभ आज से हो चुका है और आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेला में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने एवं अपनी संस्कृति को सशक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें