बेनीबाद: मौत को दावत दे रहा लकड़ी के सहारे टिका बिजली का पोल, विभाग बेखबर l

बेनीबाद: मौत को दावत दे रहा लकड़ी के सहारे टिका बिजली का पोल, विभाग बेखबर l
दीपक कुमार। मौर्य ध्वज एक्सप्रेस,गायघाट 
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बरुआरी फीडर के ग्राम भटगामा (वार्ड नंबर एक) से बिजली विभाग की घोर लापरवाही की एक डरावनी तस्वीर सामने आई है। यहाँ एक हाई वोल्टेज बिजली का पोल पूरी तरह से जर्जर होकर झुक गया है, जिसे विभाग ने बदलने के बजाय लकड़ी के टुकड़ों (बल्लियों) के सहारे टिका दिया है।
हैरानी की बात यह है कि यह खतरनाक पोल मुख्य सड़क के ठीक किनारे स्थित है, जहाँ से हर दिन सैकड़ों राहगीर और छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सोशल मीडिया पर इस पोल की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसे देख लोग बिजली विभाग की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह पोल कभी भी धराशायी हो सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन न तो बिजली विभाग के अधिकारी और न ही किसी सरकारी मुलाजिम ने इस ओर ध्यान दिया। लोगों में इस बात को लेकर भी भारी आक्रोश है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौन साधे हुए हैं। ग्रामीणों ने कहा, "शायद प्रशासन को किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार है। लकड़ी के सहारे बिजली का पोल टिकना विभाग की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।"
सोशल मीडिया पर लोग तंज कसते हुए पूछ रहे हैं कि क्या डिजिटल इंडिया में अब बिजली व्यवस्था लकड़ी के भरोसे चलेगी? यदि जल्द ही इस पोल को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें