दीपक कुमार। गायघाट
शिवदाहा पंचायत क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार किसानों के खेत में नीचे लटक गया है। इससे कभी भी गंभीर दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामवासी पंचायत समिति पति विजय कुमार राय,चंद्रशेखर उपाध्याय, संतोष यादव आदि ने बताया कि खेत पूरी तरह तैयार है, लेकिन लटकते तार के कारण खेती कार्य बाधित हो रहा है। इससे न केवल फसल को नुकसान हो रहा है, बल्कि खेत में काम करने वाले किसानों और मजदूरों की सुरक्षा को भी खतरा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में बिजली विभाग को मौखिक शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
किसानों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई दिनों से 11 हजार वोल्ट का तार खेत में झूल रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। फसल तैयार होने के बावजूद डर के कारण वे खेत में जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि तार इतना नीचे लटक गया है कि जानवर और इंसान दोनों के लिए खतरा बना हुआ है।
किसानों ने यह भी बताया कि तार की वजह से न तो ठीक से कटाई हो पा रही है और न ही खेत में अन्य काम। उनकी मेहनत की फसल बर्बाद होने की कगार पर है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस तार को ठीक कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
जेई ललित कुमार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि यह सूचना उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने संबंधित स्थान पर 11 हजार वोल्ट लाइन के तार के झूलने की जानकारी मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही तार को ठीक कर सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। जेई ने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि कहीं और भी इस तरह की समस्या है तो वे तत्काल विभाग को सूचित करें, उस पर भी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें