जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती दिनांक 14/02/2026 शनिवार को बोचहां प्रखंड के समीप एक निजी भवन के प्रांगण में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता रमाकान्त सहनी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के जीवन संघर्ष, सादगी और सामाजिक न्याय के लिए किए गए उनके कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने उन्हें एक कुशल प्रशासक और गरीबों, पिछड़ों, दलितों तथा वंचित वर्गों का सच्चा मसीहा बताया।
वक्ताओं ने मुख्यमंत्री रहते हुए उनके द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर द्वारा लागू की गई आरक्षण नीति, मुफ्त शिक्षा और समान अवसर की व्यवस्था को ऐतिहासिक कदम बताया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को उनके विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर समाज में समरसता, भाईचारा और समानता स्थापित करनी चाहिए।
समारोह को कप्पल रजक, हरिलाल राय, सुजीत यादव, रामबली राय, सुशील देवी,हुड़मत बांनो, जयराम राय, नंदलाल पासवान, लालाबाबू सहनी सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में उनके आदर्शों को आत्मसात करने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें