बेनीबाद: संदिग्ध स्थिति में विवाहिता की मौत, ससुराल के लोग फरार l

बेनीबाद: संदिग्ध स्थिति में विवाहिता की मौत, ससुराल के लोग फरार l
दीपक कुमार। गायघाट 
बेनीबाद थाना क्षेत्र के जांता पछियारी गांव में सोमवार सुबह 22 वर्षीय विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रजनी कुमारी, पत्नी विक्की महतो के रूप में हुई है। वह छह माह की बच्ची की मां थी।परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे रजनी का शव उसके कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। इधर, घटना के तुरंत बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
सूचना पर बेनीबाद थाना पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। थानाध्यक्ष साकेत कुमार शार्दूल ने बताया कि मृतका के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतका की मां इंदु देवी (निवासी जावाडीह, तुर्की थाना क्षेत्र) ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व रजनी की शादी हुई थी। महाशिवरात्रि के अवसर पर वह व्रत रखी हुई थी और रविवार को गांव के महादेव मंदिर में पूजा कर लौटी थी। सोमवार सुबह उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या या अन्य संभावित कारणों सहित हर पहलू से जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें