बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं विरासत पर आधारित गीत संगीत का होगा भव्य आयोजन l
प्रभात फेरी से लेकर प्रतियोगिताओं और स्टॉल प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र तक के विविध कार्यक्रमों की व्यवस्था l
जिले में बिहार दिवस 2026 का आयोजन विगत वर्ष की भांति अत्यंत धूमधाम, उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया जाएगा। “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” थीम पर आधारित यह तीन दिवसीय समारोह 22 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक चलेगा। जिला प्रशासन द्वारा इसकी व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि इस आयोजन को यादगार बनाया जा सके और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आमजन तक पहुंचाया जा सके।
समारोह का आगाज 22 मार्च को सुबह 7:00 बजे भव्य प्रभात फेरी के साथ होगा। यह प्रभात फेरी शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम से प्रारंभ होकर इमलीचट्टी, सदर अस्पताल, एसपी कार्यालय होते हुए भारत माता नमन स्थल तक पहुंचेगी। प्रभात फेरी में स्कूली बच्चे, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इस आयोजन के माध्यम से बिहार की गौरवशाली एवं समृद्धशाली परंपरा एवं विरासत को जन जन तक प्रचारित प्रसारित किया जाएगा।
बिहार दिवस को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी विद्यालयों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में प्रभात फेरी, बिहार गौरव गान तथा बिहार प्रार्थना गीत का आयोजन किया गया है।
मुख्य समारोह का उद्घाटन 22 मार्च को शाम 5:00 बजे शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम में किया जाएगा। उद्घाटन के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित कुल 26 स्टॉल प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों में जीविका, आईसीडीएस, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग (किलकारी), आपूर्ति विभाग, कृषि विभाग, पंचायत राज, उद्योग विभाग, खादी ग्रामोद्योग तथा कला एवं संस्कृति विभाग सहित अन्य विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अवसर पर आम नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें हाइपरटेंशन, शुगर सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की जाएगी। इसके अलावा जीविका और आईसीडीएस के संयुक्त प्रयास से व्यंजन मेला का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बिहार के पारंपरिक, स्वादिष्ट और लजीज व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी। यह मेला लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा और विरासत पर आधारित गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। स्कूली बच्चे और स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे कार्यक्रम में रंगारंग माहौल बनेगा।
प्रखंड स्तर पर विभिन्न विद्यालयों से चयनित प्रतिभागियों के बीच 23 मार्च को जिला स्तर पर गणित ओलंपियाड, क्विज प्रतियोगिता एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को बिहार की गौरवशाली परंपरा, समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के माध्यम से इन कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे।समारोह के अंतिम दिन 24 मार्च को प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर विजेताओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से न केवल बिहार की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करना है, बल्कि विकास योजनाओं की जानकारी भी आम जनता तक पहुंचाना है। बिहार दिवस 2026 का यह आयोजन मुजफ्फरपुर में उत्सव, जागरूकता और सहभागिता का एक अद्भुत संगम साबित होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें